Monday, August 24, 2026
Homeदेशअमरावती के महिला अस्पताल में NICU में आग, तीन नवजातों की मौत

अमरावती के महिला अस्पताल में NICU में आग, तीन नवजातों की मौत

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के एनआईसीयू में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे आग लगने से तीन नवजातों की मौत हो गई। हादसे के समय एनआईसीयू में 39 नवजात भर्ती थे। आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने बचाव अभियान चलाकर कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के अनुसार, एनआईसीयू के एक कंपार्टमेंट में नौ नवजात भर्ती थे, जिनमें से तीन की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। अन्य छह बच्चों को इलाज के लिए दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। शुरुआती जांच में वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और मृत नवजातों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और विभागीय अधिकारियों को अमरावती पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एनआईसीयू में भी आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें झुलसे एक नवजात की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।

स्पेशल स्टोरीज