Saturday, February 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशएआई डॉक्टरों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी क्षमता बढ़ाने का सशक्त माध्यम

एआई डॉक्टरों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी क्षमता बढ़ाने का सशक्त माध्यम

लखनऊ, 28 फरवरी। एआईडीएए लखनऊ सिटी शाखा द्वारा “एयरवे प्रबंधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं सिमुलेशन की भूमिका” विषय पर एक महत्वपूर्ण सतत चिकित्सकीय शिक्षा एवं व्यावहारिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनेस्थीसिया एवं गंभीर चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने आधुनिक चिकित्सा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सिमुलेशन तकनीक के बढ़ते उपयोग पर विस्तार से विचार साझा किए।

कार्यक्रम का उद्घाटन किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर मोनिका कोहली, डॉ सोहन सोलंकी, डॉ तन्मय तिवारी तथा डॉ हेमलता सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों ने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीक एयरवे प्रबंधन के दौरान रोगी सुरक्षा को कई गुना बढ़ा सकती है। यह कठिन परिस्थितियों के पूर्वानुमान, त्वरित आंकड़ा विश्लेषण तथा आपात स्थिति में शीघ्र निर्णय लेने में सहायक सिद्ध हो रही है। उन्नत निगरानी प्रणाली रोगी के शारीरिक मानकों का सटीक विश्लेषण कर संभावित जटिलताओं की पहले ही पहचान करने में सक्षम है।

कार्यशाला में सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया गया। विशेषज्ञों के अनुसार उच्च स्तरीय सिमुलेशन प्रयोगशालाओं में जटिल परिस्थितियों का अभ्यास कराने से वास्तविक शल्य कक्ष में त्रुटियों की संभावना कम होती है तथा टीम समन्वय, संवाद क्षमता और संकट प्रबंधन कौशल में सुधार होता है।

डॉ विशाल देव ने एनेस्थीसिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार एवं वैज्ञानिक उपयोग पर जोर देते हुए इसे उपचार की गुणवत्ता को मानकीकृत करने वाली उन्नत सहायक तकनीक बताया। डॉ तन्मय तिवारी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता चिकित्सकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी बौद्धिक क्षमता और चिकित्सकीय निर्णय को सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने मानव अनुभव और तकनीकी बुद्धिमत्ता के संतुलित समन्वय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में डॉ अपर्णा शुक्ला, डॉ दिनेश कौशल, डॉ मनोज चौरसिया, डॉ मनोज गिरी तथा डॉ आशीष कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भाग लिया।

स्पेशल स्टोरीज