लखनऊ।अमेरिका और इजराइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रदेश भर में उच्च सतर्कता घोषित कर दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि जिन जिलों में शिया समुदाय की आबादी अधिक है वहां अतिरिक्त निगरानी बढ़ाई गई है। लखनऊ, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ में पुलिस तथा खुफिया इकाइयों को लगातार स्थिति पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।
लखनऊ में हजारों लोग सड़कों पर उतरकर शोक प्रदर्शन कर रहे हैं। महिलाएं और पुरुष मातम मनाते हुए नारेबाजी कर रहे हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने तीन दिन के शोक की घोषणा करते हुए लोगों से घरों पर काले झंडे लगाने और शोक सभाएं आयोजित करने की अपील की है।
तनावपूर्ण हालात के बीच लखनऊ से खाड़ी देशों के लिए कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि वाराणसी से दुबई जाने वाली उड़ानें भी चार मार्च तक स्थगित कर दी गई हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

