Friday, March 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविश्व नींद दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, अच्छी नींद को बताया स्वस्थ जीवन...

विश्व नींद दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, अच्छी नींद को बताया स्वस्थ जीवन का आधार

लखनऊ, 13 मार्च। विश्व नींद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि अच्छी नींद स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस वर्ष विश्व नींद दिवस की विषयवस्तु “अच्छी नींद लें, बेहतर जीवन जिएं” रखी गई है।
विशेषज्ञों ने बताया कि विश्व स्तर पर लगभग दस प्रतिशत वयस्क अनिद्रा से प्रभावित हैं, जबकि तीन से सात प्रतिशत लोग ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया से ग्रसित हैं। इस रोग के कारण उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, मधुमेह, मोटापा और मानसिक विकारों का खतरा बढ़ जाता है। अनुमान के अनुसार विश्व में लगभग तिरानबे करोड़ वयस्क इस समस्या से प्रभावित हैं और अधिकांश मामलों में इसका पता देर से चलता है।
कार्यक्रम में प्रो. वेद प्रकाश ने कहा कि नींद से संबंधित रोगों की समय पर पहचान अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि अनियंत्रित स्लीप एपनिया के कारण दिन में अत्यधिक नींद आती है और इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
प्रो. राजेंद्र प्रसाद ने नींद की गुणवत्ता सुधारने के लिए दस–तीन–दो–एक–शून्य नियम अपनाने की सलाह दी। इसके अनुसार सोने से दस घंटे पहले कैफीन से बचें, तीन घंटे पहले भारी भोजन न करें, दो घंटे पहले काम बंद कर दें, एक घंटे पहले मोबाइल और अन्य स्क्रीन से दूरी बनाएं तथा सुबह उठते समय स्नूज़ का उपयोग न करें।
प्रो. ऋषि सेठी ने बताया कि पर्याप्त नींद हृदय के स्वास्थ्य और रक्तचाप को नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक है। डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव ने कहा कि मेलाटोनिन हार्मोन नींद को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं डॉ. वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि श्वसन मार्ग की संरचनात्मक समस्याएं स्लीप एपनिया और खर्राटों का कारण बन सकती हैं।

विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण, योग और समय पर उपचार से नींद संबंधी विकारों को नियंत्रित किया जा सकता है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के चिकित्सकों ने नींद से जुड़ी बीमारियों के लक्षण, जांच और उपचार पर विस्तृत जानकारी दी तथा लोगों से पर्याप्त नींद लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

स्पेशल स्टोरीज