Friday, October 17, 2025
Homeउत्तर प्रदेशअखण्ड भारत से आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत बनेगा-मुख्यमंत्री

अखण्ड भारत से आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत बनेगा-मुख्यमंत्री

लखनऊ।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि अखण्ड भारत के शिल्पी भी थे। उन्होंने सैकड़ों रियासतों को भारत गणराज्य में शामिल कर देश को उसका वर्तमान स्वरूप दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ निश्चय के कारण ही जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतें भी भारत का हिस्सा बनीं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास पर सरदार पटेल की १५०वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘सरदारॅ१५० यूनिटी मार्च’ कार्यक्रम के संबंध में मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ३१ अक्टूबर से २६ नवम्बर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से देशभर में एकता, अखण्डता और आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष २०१४ से हर वर्ष ३१ अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस और रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम मनाया जा रहा है। गुजरात में सरदार सरोवर के पास ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ के रूप में दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित कर प्रधानमंत्री ने सरदार पटेल के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त की है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस बार सरदार पटेल की १५०वीं जयंती के अवसर पर उत्साह और भी अधिक रहेगा। प्रदेश के प्रत्येक जनपद में ३१ अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी का आयोजन होगा। प्रत्येक लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र में ८ से १० किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। इसी क्रम में हर जनपद से पांच प्रतिनिधि गुजरात के करमसर (सरदार पटेल की जन्मभूमि) से केवड़िया स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी तक १५० किलोमीटर की राष्ट्रीय पदयात्रा में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पदयात्रा के दौरान निबंध, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, स्वच्छता अभियान, योग शिविर, नशा मुक्त भारत शपथ ग्रहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ के अभियान को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में स्वदेशी मेले और यूपी ट्रेड फेयर आयोजित कर रही है। स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और श्रमिकों के उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और तकनीकी सहयोग के माध्यम से उन्हें बाजार से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ३१ अक्टूबर से २६ नवम्बर तक चलने वाला यह वृहद अभियान अखण्ड भारत से आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत की दिशा में एक कदम होगा। उन्होंने कहा ,‘सरदार पटेल से लेकर बाबा साहब तक भारत माता के महान सपूतों को स्मरण करने का यह अवसर है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वर्ष २०४७ तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया गया है, इस अभियान के माध्यम से पूरा देश उस दिशा में आगे बढ़ेगा।’
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधान परिषद सदस्य भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्पेशल स्टोरीज