लखनऊ, 9 मार्च 2026: इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के फेज 3 कैंपस में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न रचनात्मक और प्रेरणादायक गतिविधियों का शानदार आयोजन किया गया। इंटीग्रल बिजनेस स्कूल और फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिजाइन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम ने छात्राओं में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता और सहभागिता की भावना को मजबूत किया।
संस्थापक एवं चांसलर प्रोफेसर सैयद वसीम अख्तर और एडिशनल प्रो चांसलर सैयद अदनान अख्तर के नेतृत्व में संपन्न इस कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोफेसर असमा फारूकी, डीन इंटीग्रल बिजनेस स्कूल और प्रोफेसर ज़ेबा निसार, डीन फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिजाइन ने किया। छात्राओं ने प्रदर्शनी में अपनी शैक्षणिक परियोजनाओं, नवाचारों और रचनात्मक विचारों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए कैंपस वॉक का आयोजन किया गया, जिसने छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत की। मेहंदी डिजाइनिंग और क्रिएटिव टैटू गतिविधियों में छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। ओपन माइक प्लेटफॉर्म पर कविताएं, संगीत और व्यक्तिगत अनुभव साझा कर छात्राओं ने अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त किया।
कार्यक्रम की खास आकर्षण रही एप्रिसिएशन वॉल एवं ग्रैटिट्यूड बोर्ड, जहां छात्राओं और शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे के प्रति आभार और प्रशंसा के संदेश लिखे, जिससे कैंपस में सकारात्मक माहौल छा गया। समापन समारोह में प्रतिभागियों और सहयोगियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के संदेश को मजबूती से पहुंचाने में सफल रहा, जहां छात्राओं ने रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामुदायिक भावना का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।

