Tuesday, March 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगौ प्रतिष्ठा यात्रा पर रोक की मांग, अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा

गौ प्रतिष्ठा यात्रा पर रोक की मांग, अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा

प्रयागराज । शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की ‘गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा’ पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर सोमवार को विशेष पॉक्सो न्यायालय में सुनवाई हुई।

अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया है।

यह याचिका आशुतोष महाराज की ओर से दायर की गई है। सुनवाई के बाद उन्होंने बताया कि न्यायालय ने उनकी सभी दलीलें सुनीं और अब मामले में निर्णय सुरक्षित रखा गया है। सुनवाई से पहले उन्होंने कहा था कि शंकराचार्य को सीतापुर पहुंचने से रोका जाना चाहिए, क्योंकि उनके विरुद्ध बयान देने वाले बटुक पड़ोसी जनपद हरदोई के हैं और यात्रा के कारण वे भयभीत हैं।

“इसी न्यायालय में आशुतोष महाराज ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विरुद्ध बटुकों से यौन उत्पीड़न का वाद भी दायर किया था।
बताया गया कि शंकराचार्य ने सात मार्च को काशी से अपनी यात्रा प्रारंभ की थी। यह यात्रा रायबरेली और उन्नाव से होते हुए सोमवार शाम सीतापुर पहुंचने वाली है। गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर निकाली जा रही यह यात्रा ग्यारह मार्च को लखनऊ में समाप्त होगी।
उधर, आशुतोष महाराज पर रविवार को चलती रेलगाड़ी में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। घटना के समय डिब्बे में मौजूद चार यात्रियों से पूछताछ भी की गई है, हालांकि अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार आशुतोष महाराज गाजियाबाद से प्रयागराज जाने के लिए रीवा एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। सिराथू रेलवे स्टेशन के पास शौचालय के निकट एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी नाक काटने का प्रयास किया। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

स्पेशल स्टोरीज