लखनऊ।डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), लखनऊ के दंत चिकित्सा विभाग में प्रोफेसर एवं एमडीएस (ऑर्थोडॉन्टिक्स एवं डेंटोफेशियल ऑर्थोपेडिक्स) डॉ. शैल़ी महाजन को प्रतिष्ठित पियरे फॉशार्ड अकादमी (PFA) की अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान विश्व के सबसे प्रतिष्ठित दंत चिकित्सा सम्मानों में से एक माना जाता है।

यह फेलोशिप PFA–इंडिया सेक्शन के 39वें वार्षिक दीक्षांत समारोह एवं वैज्ञानिक अधिवेशन के दौरान होटल ले मेरिडियन, नई दिल्ली में प्रदान की गई। समारोह में देश-विदेश से आए अनेक प्रख्यात दंत विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और शोधकर्ता उपस्थित रहे।
पियरे फॉशार्ड अकादमी उन दंत चिकित्सकों को यह सम्मान प्रदान करती है जिन्होंने क्लिनिकल उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता, शोध कार्य, नैतिक मूल्यों और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। डॉ. शैल़ी महाजन का चयन उनके उत्कृष्ट अकादमिक योगदान, ऑर्थोडॉन्टिक्स के क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों तथा जन-जागरूकता के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है।
इस उपलब्धि पर RMLIMS के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह ने डॉ. महाजन को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने संस्थान का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। दंत शिक्षा और रोगी-सेवा के क्षेत्र में उनकी प्रतिबद्धता अन्य चिकित्सकों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. शैल़ी महाजन ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप उन्हें अपने कार्य को और अधिक समर्पण, जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है।

