मथुरा16 दिसम्बर 2025। यमुना एक्सप्रेस-वे पर तड़के घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास 7 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के तुरंत बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 4 लोगों की जलकर मौत की पुष्टि हुई है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मुश्किल हुई। एक युवक ने बताया कि उसने अकेले बस से 8–9 शव निकाले। भास्कर रिपोर्टर जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें बसों में मानव अंग फंसे हुए दिखाई दिए। हादसे में अब तक यादर 66 लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि एक चश्मदीद ने दावा किया कि करीब 20 एम्बुलेंस से लगभग 150 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 6 घंटे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया गया। आग पर काबू पाने के बाद घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया, जिसे धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा था। अचानक एक बस ने रफ्तार कम की, जिसके चलते पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। टक्कर के बाद ऐसा लगा मानो बम फट गया हो। लोग जान बचाने के लिए बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूदते नजर आए।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जिसमें 8 बसें और 3 गाड़ियां शामिल रहीं। आग लगने के कारण कई वाहन पूरी तरह जल गए। राहत-बचाव कार्य जारी है और अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

