लखनऊ : निगोहां थाना क्षेत्र के शेखन खेड़ा गांव में रविवार देर रात घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। एक मजदूर ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर शव को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शेखन खेड़ा गांव में ससुराल में रह रहे मजदूर राजेश रावत ने रविवार रात अपनी पत्नी राजेश्वरी (46) पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजेश्वरी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताया गया है कि राजेश रावत मूल रूप से नगराम थाना क्षेत्र के अक्रूदू गांव का निवासी है और कई वर्षों से अपनी ससुराल में ही पत्नी व बच्चों के साथ रह रहा था।

दंपती के पांच बच्चे हैं, जिनमें गुलशन (22), मंजीत (20), अजय (18), रजनीश (15) और आयुष (7) शामिल हैं। घटना के समय परिवार के अधिकांश सदस्य पड़ोस में बलराम के बेटे के विवाह कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान घर में पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया और गुस्से में आकर राजेश ने पत्नी पर हमला कर दिया।
कुछ देर बाद बड़ा बेटा गुलशन जब घर लौटा तो उसने अपनी मां को चारपाई पर खून से लथपथ पाया और शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार आरोपी शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में घर में विवाद करता था। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

