Tuesday, March 10, 2026
Homeखेलभारत ने तीसरी बार टी-२० विश्व कप जीता

भारत ने तीसरी बार टी-२० विश्व कप जीता

अहमदाबाद, 8 मार्च : भारत ने टी-२० विश्व कप के फाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में न्यूज़ीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने कई ऐतिहासिक कीर्तिमान भी बनाए। पहली बार किसी मेज़बान देश की टीम ने टी-२० विश्व कप का खिताब जीता है। साथ ही यह भी पहला अवसर है जब किसी टीम ने लगातार दूसरी बार यह खिताब अपने पास बरकरार रखा। भारत का यह तीसरा टी-२० विश्व कप खिताब है, इससे पहले भारतीय टीम 2007 और 2024 में भी विजेता बनी थी।

फाइनल मुकाबले में भारत ने टी-२० विश्व कप फाइनल का सर्वाधिक स्कोर बनाने का रिकॉर्ड कायम किया और साथ ही सबसे बड़ी जीत भी दर्ज की। तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। पूरे प्रतियोगिता में 5 मैचों में 321 रन बनाने वाले संजू सैमसन को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के लंबे प्रयासों का परिणाम है और घरेलू मैदान पर खिताब जीतना विशेष अनुभव है। वहीं न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि उनकी टीम को खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गर्व है, लेकिन फाइनल में भारत ने बेहतर खेल दिखाया।
यह प्रतियोगिता 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत के छह और श्रीलंका के दो शहरों में आयोजित की गई, जिसकी संयुक्त मेज़बानी भारत और श्रीलंका ने की।

स्पेशल स्टोरीज