लखनऊ।उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को रूस के काल्मिकिया गणराज्य के एलिस्ता शहर में निर्माणाधीन भगवान बुद्ध पार्क में माता ग्रीन तारा देवी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर एवं पार्क निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और करुणा व ज्ञान की अधिष्ठात्री माँ ग्रीन तारा से सभी के जीवन में समृद्धि और मंगलमय ऊर्जा का आशीर्वाद प्रदान करने की प्रार्थना की।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य शनिवार को भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल के साथ रूस के काल्मिकिया गणराज्य की राजधानी एलिस्ता पहुँचे थे। वहाँ उनके नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया गया। श्री मौर्य ने गोल्डन एबोड ऑफ शाक्यमुनि बुद्ध मंदिर परिसर में भगवान बुद्ध के पिपरहवा से लाए गए पवित्र अवशेषों को प्रदर्शनी हेतु स्थापित किया और अपने संबोधन के साथ प्रेस कॉन्प्रâेंस भी की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध का शांति, करुणा और मानवता का संदेश सम्पूर्ण विश्व के लिए प्रेरणादायी है। रूस में पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी से भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रिश्तों को नई गहराई मिलेगी।
भारत से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान द्वारा भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष एलिस्ता लाए गए, जिसके साथ ही रूस के काल्मिकिया गणराज्य में आठ दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। इस प्रतिनिधिमंडल के साथ वरिष्ठ भारतीय भिक्षुओं का एक उच्चस्तरीय दल भी गया है, जो स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ संवाद, धर्मोपदेश और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करेगा।
श्री मौर्य के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रमों की मेजबानी करेगा। इनमें परम पावन ४३वें शाक्य त्रिज़िन रिनपोछे द्वारा दिए जाने वाले प्रवचन, और पवित्र ‘कंजूर’ (मंगोलियाई धार्मिक ग्रंथ) की प्रस्तुति शामिल है। १०८ खंडों वाले इस ग्रंथ का मूल रूप से तिब्बती भाषा से अनुवाद किया गया था। संस्कृति मंत्रालय के पांडुलिपि प्रभाग से प्राप्त कंजूर की प्रतियां भारतीय बौद्ध परिसंघ (घ्ँण्) द्वारा नौ बौद्ध संस्थानों और एक विश्वविद्यालय को भेंट की जाएँगी।