Tuesday, March 3, 2026
Homeदेशगोवा के अरपोरा नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट से भीषण आग, 23...

गोवा के अरपोरा नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट से भीषण आग, 23 लोगों की मौत

गोवा। शनिवार देर रात गोवा के अरपोरा इलाके में एक नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें 23 लोगों की मौत हो गई। घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार आग रात करीब 12 बजे लगी और देखते ही देखते पूरे क्लब में फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और स्थानीय विधायक माइकल लोबो मौके पर पहुंचे। सीएम ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं और 3–4 पर्यटक शामिल हैं। तीन लोगों की मौत झुलसने से हुई जबकि अधिकांश की जान दम घुटने से गई।
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार के मुताबिक आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर स्थित किचन एरिया में लगी और वहां से क्लब के अन्य हिस्सों में फैल गई, जिससे सबसे ज्यादा शव किचन के पास मिले। जान बचाने के लिए भागते समय सीढ़ियों पर दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बड़ी संख्या क्लब में काम करने वाले कर्मचारियों की बताई जा रही है।
दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन ने घटनास्थल को सील कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में नाइट क्लब द्वारा फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन की बात सामने आ रही है। रविवार सुबह फॉरेंसिक टीम (FSL) आग लगने की असल वजह की पड़ताल करेगी।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस हादसे को गोवा के लिए बेहद दुखद बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि हादसे की विस्तृत जांच होगी और जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

स्पेशल स्टोरीज