Tuesday, March 3, 2026
Homeदेशमेगा ट्रांस-नेशनल ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़, 328 किलो मेथामफेटामाइन ज़ब्त; अमित शाह...

मेगा ट्रांस-नेशनल ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़, 328 किलो मेथामफेटामाइन ज़ब्त; अमित शाह ने NCB व दिल्ली पुलिस को दी बधाई

नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने ऑपरेशन “क्रिस्टल फोर्ट्रेस” के तहत मेगा ट्रांस-नेशनल मेथामफेटामाइन कार्टेल का भंडाफोड़ करने पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम को बधाई दी है। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि मोदी सरकार ड्रग नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी सख्त “टॉप-टू-बॉटम” व “बॉटम-टू-टॉप” अप्रोच का परिणाम है कि राजधानी में ₹262 करोड़ मूल्य की 328 किलो मेथामफेटामाइन की ज़ब्ती और दो आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। श्री शाह ने इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प की दिशा में कई एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल का उदाहरण बताया।
एक बड़ी कार्रवाई में NCB की OPS ब्रांच और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (CI) ने 20 नवंबर 2025 को छतरपुर स्थित एक घर से 328 किलोग्राम हाई-क्वालिटी मेथामफेटामाइन ज़ब्त कर ट्रांस-नेशनल ड्रग ट्रैफिकिंग नेटवर्क का पर्दाफाश किया। यह ऑपरेशन पिछले कई महीनों से चल रही इंटेलिजेंस-आधारित जांच, तकनीकी इंटरसेप्ट्स और लगातार निगरानी की श्रृंखला का परिणाम बताया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें नागालैंड की एक महिला भी शामिल है, जिसके घर से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए गए। नागालैंड पुलिस के सहयोग से दोनों को हिरासत में लिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का विदेशी सरगना पहले भी दिल्ली में NCB द्वारा जब्त 82.5 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन मामले में वांछित है। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से उसे भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।
दिल्ली में मेथामफेटामाइन की यह सबसे बड़ी ज़ब्तियों में से एक मानी जा रही है। शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि यह कार्टेल कई कूरियर, सेफ-हाउस और लेयर्ड हैंडलरों की सहायता से काम करता था तथा दिल्ली को भारत और विदेशों में सप्लाई नेटवर्क के प्रमुख केन्द्र के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
NCB ने कहा कि ऑपरेशन “क्रिस्टल फोर्ट्रेस” सिंथेटिक ड्रग कार्टेल और उनके ट्रांस-नेशनल नेटवर्क को खत्म करने की उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। एजेंसी ने देशवासियों से अपील की है कि ड्रग विरोधी अभियान में सहयोग करें और किसी भी तरह की जानकारी MANAS—नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1933 पर साझा करें।

स्पेशल स्टोरीज