लखनऊ, 7 फरवरी 2026। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी ने फिएस्टा 2026 के तहत अंतर-महाविद्यालयी खेल प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया। उत्तर प्रदेश सरकार के उद्योग विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी मुख्य अतिथि के रूप में पधारे।


सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री नंदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ से ‘सर्वोत्तम प्रदेश’ बनाने की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने निवेशक सम्मेलनों, बुनियादी ढांचे में बढ़ते निवेश और शिक्षा क्षेत्र पर जोर का जिक्र किया।


श्री नंदी जी ने आयोजकों, प्रतिभागियों और यूनिवर्सिटी परिवार को फिएस्टा 2026 की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र-निर्माण का आधार बताते हुए विश्वस्तरीय शिक्षा व्यवस्था पर बल दिया। छात्रों को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय के माननीय चांसलर एवं संस्थापक प्रोफेसर एस. डब्ल्यू. अख्तर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में राज्य के समग्र विकास की सराहना की तथा चरित्र निर्माण, सत्य, सद्भाव और नैतिक मूल्यों पर जोर दिया। प्रो. अख्तर ने यूनिवर्सिटी की शिक्षण, शोध, नवाचार और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह में मैडम चांसलर व को-फाउंडर श्रीमती अज़रा वसीम, प्रो-चांसलर डॉ. सैयद नदीम अख्तर, एडिशनल प्रो-चांसलर, सैयद फौजान अख्तर, सैयद अदनान अख्तर, डॉ. निदा फातिमा, वाइस चांसलर प्रो. जावेद मुसर्रत, चीफ एडवाइजर प्रो. फुरकान कमर, रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद हारिस सिद्दीकी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक, खेल प्रतियोगिताओं और इंटीग्रल फैकल्टी लीग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। फिएस्टा 2026 ने छात्रों को कला, साहित्य व संस्कृति के माध्यम से एकजुटता और उत्कृष्टता का मंच प्रदान किया।

