Tuesday, March 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में महिला और नेत्रहीन बेटे की हत्या से सनसनी

लखनऊ में महिला और नेत्रहीन बेटे की हत्या से सनसनी

लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी कस्बे में सोमवार देर रात एक महिला और उसके नेत्रहीन बेटे की हत्या कर दी गई। घटना मिनी सचिवालय के पास स्थित एक मकान की है, जहां रेशमा (45) और उसके बेटे शादाब (18) के शव बरामद हुए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार शादाब का शव स्नानघर में पानी से भरे टब में पड़ा मिला, जबकि रेशमा का शव कमरे में मिला। दोनों के गले में कपड़ा बंधा हुआ था। आशंका है कि गला दबाकर हत्या की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया।
बताया गया कि रेशमा के दोनों पति का पहले ही निधन हो चुका था। वह सिसेंडी कस्बे में अपने नेत्रहीन बेटे के साथ रहती थी और घर के पास ही छोटी किराना दुकान चलाकर जीवनयापन कर रही थी। परिवार में उसके तीन बच्चे थे, जिनमें दो की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और शादाब ही उसके साथ रह रहा था।
परिजनों के अनुसार शाम साढ़े सात बजे शादाब से बातचीत हुई थी। उसने बताया था कि उसकी मां मसाला लेने बाहर गई हैं। इसी दौरान उसने कहा कि कोई दरवाजे पर जोर से मार रहा है। इसके बाद दरवाजा खुलने की आवाज आई और फोन कट गया। बाद में मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों को शक हुआ।
रात में पड़ोसियों को घर भेजा गया तो दरवाजा बंद मिला और बाद में घटना का पता चला। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और आसपास लगे निगरानी कैमरों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

स्पेशल स्टोरीज