Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड महोत्सव 9 नवम्बर से लखनऊ में होगा शुरू, मुख्यमंत्री योगी करेंगे...

उत्तराखंड महोत्सव 9 नवम्बर से लखनऊ में होगा शुरू, मुख्यमंत्री योगी करेंगे उद्घाटन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 18 नवम्बर को करेंगे समापन

लखनऊ, 7 नवम्बर 2025।राजधानी लखनऊ के गोमती तट पर 9 नवम्बर से दस दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। महोत्सव का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यह आयोजन उत्तराखंड राज्य के गठन की हीरक जयंती (75वीं वर्षगांठ) को समर्पित होगा। वहीं समापन समारोह 18 नवम्बर को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मुख्य अतिथि उपस्थिति में होगा।यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकजीवन, लोकसंगीत और लोकनृत्य परंपराओं का जीवंत उत्सव होगा। प्रतिदिन उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकार अपने लोकनृत्य, गीत-संगीत और वाद्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

उत्तराखण्ड महापरिषद द्वारा इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव स्थल आज आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तराखण्ड महापरिषद के पदाधिकारियों द्वारा उत्तराखण्ड महोत्सव की विस्तार से जानकारी दी गयी।
उत्तराखण्ड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत ने बताया कि इस वर्ष चार विशिष्ट हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। महोत्सव के प्रथम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘उत्तराखंड दर्पण 2025 स्मारिका’ का विमोचन भी करेंगे।
महासचिव भरत सिंह बिष्ट ने बताया कि महासभा पिछले 77 वर्षों से उत्तराखंड की संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना और उत्तराखंड की लोककला, लोकसंस्कृति एवं परंपराओं को प्रोत्साहन देना है।

संयोजक दीवान सिंह अधिकारी ने बताया किइस बार महोत्सव में भारत के विभिन्न प्रांतों की हस्तशिल्प वस्तुएँ, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, बांस, ऊन, लकड़ी और हस्तनिर्मित वस्तुओं के 150 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनका संचालन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक होगा।7 नवम्बर की शाम वार्म-अप बैंड शो के तहत कई म्यूज़िक बैंड्स अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि 8 नवम्बर को ‘उत्तराखंडी गानों-गुलाबी शराब, बेड़ू पाको बारामासा’ जैसे गीतों पर डांस और म्यूज़िकल नाइट होगी।
मुख्य कार्यक्रमों में ‘ उत्तराखंड डांस’ शामिल है, जिसमें 12 टीमों के 120 कलाकार गढ़वाली, कुमाऊँनी और जौनसारी लोकनृत्यों की प्रस्तुति देंगे। साथ ही झोड़ा प्रतियोगिता में 500 से अधिक प्रतिभागी पारंपरिक लोककला पेश करेंगे।
मंच पर देशभर के 200 कलाकार विभिन्न राज्यों की लोकसंस्कृति और संगीत की झलक प्रस्तुत करेंगे।हर शाम ‘स्टार नाइट उत्तराखंड’ के तहत प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा संगीत, नृत्य और रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
इसके अलावा बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए अनेक प्रतियोगिताएँ भी होंगी — जैसे एकल गान, समूह गान, नृत्य, चित्रकला एवं सांस्कृतिक संवाद प्रतियोगिताएँ।
उत्तराखण्ड महापरिषद के मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सिंह कंनवाल ने बताया कि यह आयोजन उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच सांस्कृतिक सेतु और परंपरा के उत्सव के रूप में कार्य करेगा।
इस आयोजन के माध्यम से लखनऊ के नागरिकों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प और लोककला का अद्भुत अनुभव प्राप्त होगा।

suman suprabhat; 7007311520

स्पेशल स्टोरीज