लखनऊ। महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और सशक्तिकरण को समर्पित मिसेज उत्तर प्रदेश–क्वीन ऑफ उत्तर प्रदेश सीजन-4 का ग्रैंड फिनाले रविवार को रमाडा लखनऊ में भव्यता के साथ आयोजित किया गया।

मधुकमल मोशन पिक्चर्स की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की सिल्वर कैटेगरी में मदालसा श्रीवास्तव ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि पायल व्यास प्रथम रनरअप और दीपाली भटनागर द्वितीय रनरअप रहीं। वहीं, गोल्ड कैटेगरी में हर्षिता रूनवाल विजेता घोषित की गईं।

डॉ. पल्लवी ने प्रथम रनरअप और एकता सिंह ने द्वितीय रनरअप का स्थान प्राप्त किया। आयोजन की जूरी में मिस वर्ल्ड बुल्गारिया-2025, रमाडा होटल के मालिक अजय जायसवाल, मीडिया रणनीतिकार दीपक शाही तथा मिसेज उत्तर प्रदेश सीजन-3 की विजेता अंतरा हॉवर्ड शामिल रहीं। इस आयोजन को बावर्ची को-पावर्ड बाय पार्टनर, लैक्मे एकेडमी इंदिरा नगर ऑफिशियल मेकअप पार्टनर, सैफ्रन सिल्क परफ्यूम पार्टनर और यशवंत फाउंडेशन का सहयोग प्राप्त हुआ।

मधुकमल मोशन पिक्चर्स के संस्थापक मेहर अभिषेक और सह-संस्थापक रश्मि डाके के नेतृत्व में आयोजित इस मंच का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, उपलब्धियों का उत्सव मनाने और समाज में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने के अवसर प्रदान करना है।



आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता पारंपरिक सौंदर्य प्रतियोगिताओं से आगे बढ़कर महिलाओं की बुद्धिमत्ता, दृढ़ता, व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को सम्मानित करने का प्रयास है। समारोह में फैशन, ग्लैमर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महिलाओं की प्रेरणादायक जीवन यात्राओं को भी विशेष महत्व दिया गया।


