सैफई, 23 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा-अलीगढ़ स्नातक खंड विधान परिषद चुनाव में सैफई में मतदान के बाद भाजपा पर फर्जी मतदान, धांधली और लोकतंत्र को कमजोर करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा हार के डर से बौखलाई हुई है और सपा समर्थक मतदाताओं को रोकने के लिए अपने लोगों का इस्तेमाल कर रही है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से फर्जी मतदान और मतदाताओं को रोकने की शिकायतें मिली हैं, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को वोट चोरी सिखाने के लिए विश्वविद्यालय खोलकर तीन साल का पाठ्यक्रम चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी वर्ष 2022 से मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी के मुद्दे उठाती रही है। भाजपा ने शिक्षकों, युवाओं, किसानों और आम जनता के लिए कुछ नहीं किया। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, खराब स्वास्थ्य सेवाओं, खाद की कमी और आरक्षण के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अन्याय चरम पर है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।

