लखनऊ, 27 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 4,500 सब-इंस्पेक्टरों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले सप्ताह नियुक्ति पत्र वितरित करने की तैयारी है। इसके अलावा 32 हजार से अधिक पुलिस कांस्टेबलों और 42 हजार होमगार्ड जवानों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री मंगलवार को टाइम्स ऑफ इंडिया के टीओआई यूथ आइकॉन्स समिट एंड अवॉर्ड्स-2026 में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 37 युवाओं को सम्मानित किया और ‘उत्तर प्रदेश सकारात्मक बदलाव के 9 वर्ष’ पुस्तक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को अवसर, सुरक्षा और सम्मान देने के लिए कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2017 से अब तक करीब 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या बढ़कर लगभग 25 हजार हो गई है। सरकार उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड भी बना चुकी है। उन्होंने युवाओं से नौकरी पाने के साथ रोजगार देने वाला बनने की अपील की।
योगी ने कहा कि एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रदेश में 250 से अधिक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि बेहतर कानून-व्यवस्था, बिजली और कनेक्टिविटी से निवेश तथा रोजगार के अवसर बढ़े हैं। मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाएं रात दो बजे के बाद भी नाइट शिफ्ट से सुरक्षित घर लौट रही हैं। प्रदेश में पिछले वर्ष करीब 156 करोड़ पर्यटकों के आगमन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थानीय रोजगार का बड़ा माध्यम बन रहा है। उन्होंने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर कौशल विकसित करने और मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ल और टाइम्स ऑफ इंडिया के लखनऊ संस्करण के रेजिडेंट एडिटर प्रवीण कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

