लखनऊ। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की खोया–पाया सेवा एक बार फिर यात्रियों के लिए भरोसेमंद साबित हुई है। मेट्रो कर्मचारियों की सतर्कता और ईमानदारी से एक विदेशी महिला यात्री का खोया हुआ पर्स सुरक्षित वापस लौटा दिया गया।घटना ३ फरवरी २०२६ की है, जब कैप्टन शुभम गुप्ता मेट्रो स्टेशन पर जांच के दौरान सुरक्षाकर्मियों को सफेद रंग का पर्स मिला। पर्स में चार एटीएम कार्ड, अमेरिका का ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट कार्ड, २,८०० रुपये नकद, होटल कक्ष कार्ड तथा आपातकालीन चिकित्सीय प्रमाण पत्र मौजूद था।नियमानुसार सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसी दिन रात करीब आठ बजे पर्स संबंधित यात्री सुश्री बारबरा एन स्टैचनिक ग्रेश को सौंप दिया गया, जो अमेरिका के पेंसिल्वेनिया प्रांत की निवासी हैं। पर्स वापस मिलने पर उन्होंने मेट्रो कर्मियों का आभार जताते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।इस अवसर पर सुशील कुमार ने कहा कि उन्हें अपनी टीम पर गर्व है, जो हर स्थिति में यात्रियों की सेवा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने बताया कि मेट्रो की खोया–पाया व्यवस्था यात्रियों का भरोसा जीत रही है और मेट्रो यात्रा को सुरक्षित व सुविधाजनक बना रही है।

