Monday, February 23, 2026
Homeस्वास्थ्यलखनऊ में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और मेधावी छात्रों को आर्थिक सहायता वितरण...

लखनऊ में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और मेधावी छात्रों को आर्थिक सहायता वितरण संपन्न

लखनऊ, 23 नवम्बर 2025:डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), लखनऊ और पूर्णानन्द तिवारी सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णानन्द तिवारी स्मारक एवं सांस्कृतिक भवन, पंतनगर कॉलोनी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और आर्थिक सहायता वितरण समारोह का आयोजन किया गया। वार्षिक कार्यक्रम दो भिन्न हिस्सों में सम्पन्न हुआ—एक ओर सेवा संस्थान द्वारा मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई, वहीं दूसरी ओर RMLIMS की विशेषज्ञ टीम ने नागरिकों के लिए व्यापक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराईं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्री अमित घोष तथा विशिष्ट अतिथि RMLIMS के निदेशक डॉ. सी. एम. सिंह रहे। उनकी उपस्थिति में स्कूल, मेडिकल और इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों के 14 विद्यार्थियों को सेवा संस्थान द्वारा आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य शिविर का नेतृत्व RMLIMS के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. भुवन चन्द्र तिवारी ने किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने हृदय रोग, ईएनटी, सामान्य चिकित्सा, स्त्री रोग एवं गैस्ट्रो से संबंधित 104 मरीजों की जांच की। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ सेवा संस्थान की ओर से उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य अतिथि श्री अमित घोष ने इस संयुक्त गतिविधि को सामुदायिक स्वास्थ्य एवं जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। विशिष्ट अतिथि डॉ. सी. एम. सिंह ने कहा कि RMLIMS समाज के अंतिम व्यक्ति तक उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने को निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पूर्णानन्द तिवारी सेवा संस्थान के पदाधिकारी—श्री महेन्द्र चन्द्र जोशी (कार्यकारी अध्यक्ष), श्री बलवन्त सिंह करोंची (उपाध्यक्ष), श्री बृजेश जैन (महामंत्री), श्री आनन्द सिंह बिष्ट (कोषाध्यक्ष), श्री केतोनन्द चन्देल (सांस्कृतिक मंत्री), श्री आर.के. त्रिवेदी, श्री डी.एन. जोशी और श्री किशन सिंह कपकोटी—उपस्थित रहे।
RMLIMS मीडिया सेल के अनुसार संस्थान निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषज्ञ परामर्श और हृदय रोग जागरूकता के क्षेत्र में सतत कार्य कर रहा है। सेवा संस्थान के सहयोग से आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सामुदायिक स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

स्पेशल स्टोरीज