जालौन। उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन स्थित कुठौंद थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने अपने सरकारी आवास पर सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो कमरे में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय खून से लथपथ हालत में पड़े मिले, वहीं पास में उनकी रिवॉल्वर भी पड़ी हुई थी। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल उरई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां करीब ढाई घंटे तक चले इलाज के बाद रात 11:15 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे की है। इससे पहले इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय पेट्रोलिंग पर अपने हमराहियों के साथ निकले थे। इसी दौरान वे एक भंडारे कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां स्थानीय लोगों द्वारा उनका सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम से लौटकर रात करीब 9 बजे वे अपने सरकारी आवास पहुंचे और कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉक्टर दुर्गेश कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरुण कुमार राय ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या की है। हालांकि इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय मूल रूप से संतकबीर नगर जनपद के निवासी थे। वे वर्ष 2023 में इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत हुए थे और वर्तमान में कुठौंद थाना प्रभारी के रूप में तैनात थे। परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस दुखद घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

