Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में चाइनीज मांझे से एमआर की गर्दन कटी, इलाज के दौरान...

लखनऊ में चाइनीज मांझे से एमआर की गर्दन कटी, इलाज के दौरान मौत

लखनऊ में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। खाला बाजार थाना क्षेत्र के हैदरगंज ओवरब्रिज पर दोपहर करीब 2 बजे बाइक से जा रहे मोहम्मद शोएब (33) के गले में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया। तेज धार वाले मांझे से उनकी गर्दन की नसें कट गईं और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और उन्हें केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण करीब डेढ़ घंटे बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शोएब चौक से एवरेडी चौराहे की ओर जा रहे थे। हैदरगंज पुल के पास मांझा गले में उलझते ही उन्होंने बाइक रोकने की कोशिश की, मगर तब तक गंभीर कट लग चुका था। राहगीरों ने रुमाल से खून रोकने का प्रयास किया, लेकिन ब्लीडिंग नहीं रुकी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया।
परिजनों ने बताया कि घटना की जानकारी करीब साढ़े तीन बजे मिली। अस्पताल पहुंचने पर देखा गया कि इमरजेंसी में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने बताया कि गर्दन की नसें कटने से अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था, जिससे उन्हें बचाया नहीं जा सका।

शोएब एक दवा कंपनी में एमआर थे। परिवार में पत्नी फौजिया, सात साल की बेटी बुशरा और दो साल की बेटी इकरा हैं। उनकी बहन दिल्ली में डॉक्टर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में अक्सर चाइनीज मांझे से लोग घायल होते रहे हैं, लेकिन छोटी-मोटी चोटों के कारण शिकायत नहीं होती थी—आज यह बड़ी घटना सामने आ गई।
खाला बाजार थाने के इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करें और ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना दें।

स्पेशल स्टोरीज