लखनऊ। मिड-साइज़ मोटरसाइकिल सेगमेंट में अग्रणी कंपनी रॉयल एनफील्ड ने अपनी लोकप्रिय हंटर 350 के 2026 पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नए रंग और नया बेस प्रीमियम वैरिएंट पेश किया। इन मोटरसाइकिलों को लखनऊ में आयोजित विशेष स्ट्रीट कल्चर कार्यक्रम ‘हंटरहुड’ में प्रदर्शित किया गया, जहां युवाओं और राइडर्स में खासा उत्साह देखने को मिला।
कंपनी ने टारमैक ब्लैक रंग में नया बेस प्रीमियम वैरिएंट लॉन्च किया है, जबकि टॉप वैरिएंट में मुंबई यलो और मूनशॉट व्हाइट जैसे दो नए आकर्षक रंग जोड़े गए हैं। यह मोटरसाइकिल अपने हल्के वजन, फुर्तीले प्रदर्शन और स्टाइलिश डिजाइन के कारण खासतौर पर नई पीढ़ी के राइडर्स को आकर्षित कर रही है।
कंपनी के मुख्य वाणिज्य अधिकारी यादविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा कि हंटर 350 युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है, क्योंकि यह सहज राइडिंग, उपयोगिता और व्यक्तित्व को अभिव्यक्त करने का माध्यम बन रही है। नए वैरिएंट और रंगों के माध्यम से कंपनी अधिक से अधिक राइडर्स तक पहुंच बनाने का प्रयास कर रही है, खासकर छोटे शहरों और कस्बों में।
हंटरहुड कार्यक्रम में संगीत, कला और स्ट्रीट कल्चर का अनूठा संगम देखने को मिला। डीजे प्रस्तुति के साथ कलाकार कृष्णा और पैंथर ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया। इसके साथ ही स्केटबोर्डिंग, बीएमएक्स, स्ट्रीट फुटबॉल और डांस प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रोमांच बढ़ाया।
कंपनी ने बताया कि नई हंटर 350 की बिक्री और टेस्ट राइड 4 अप्रैल 2026 से अधिकृत डीलरशिप्स और आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है। नए अपडेट के साथ यह मोटरसाइकिल शहरों के साथ-साथ छोटे बाजारों में भी अपनी मजबूत पकड़ बनाने की ओर अग्रसर है।

