लखनऊ। विश्व कैंसर दिवस–२०२६ के अवसर पर केजीएमयू कुलपति प्रो० सोनिया नित्यानन्द के प्रेरक निर्देशों के अनुपालन में प्रातः ९:०० बजे प्रशासनिक भवन परिसर से कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने के उद्देश्य से भव्य जनजागरूकता वाकॉथन का आयोजन किया गया।
इस वाकॉथन में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो० रश्मि कुशवाहा, अधिष्ठाता पैरामेडिकल विज्ञान संकाय प्रो० के०के० सिंह, प्रो० भास्कर अग्रवाल, प्रो० तीर्थ राज वर्मा तथा डॉ० पूजा शर्मा (सहायक अधिष्ठाता, छात्र कल्याण) की गरिमामयी उपस्थिति रही। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से लगभग २५०–३०० छात्र-छात्राओं, रेजीडेंट्स, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान प्रो० रश्मि कुशवाहा एवं प्रो० के०के० सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की तथा तंबाकू, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कैंसर सहित विभिन्न जनस्वास्थ्य रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और सतत जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन अपनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही विभिन्न प्रकार के कैंसर, उनके कारणों, प्रारंभिक लक्षणों और रोकथाम के उपायों की जानकारी साझा की गई, ताकि समाज में समय रहते पहचान और बचाव की संस्कृति को मजबूत किया जा सके।

