Monday, April 6, 2026
Homeदुनियाहोर्मुज को लेकर अमेरिका-ईरान में तनाव बढ़ा, ट्रम्प की कड़ी चेतावनी

होर्मुज को लेकर अमेरिका-ईरान में तनाव बढ़ा, ट्रम्प की कड़ी चेतावनी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला गया तो अमेरिका बड़ा सैन्य कदम उठा सकता है। उन्होंने तीखे शब्दों में ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थिति नहीं बदली तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
ट्रम्प ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए संकेत दिया कि ईरान में ऊर्जा ढांचे और पुलों को निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने लिखा कि मंगलवार को पावर प्लांट और पुलों से जुड़े हमले संभव हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक समयसीमा का भी उल्लेख किया, जिसे ईरान के खिलाफ संभावित कार्रवाई की डेडलाइन के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले अमेरिका द्वारा ईरान की राजधानी तेहरान को कराज से जोड़ने वाले बी1 राजमार्ग पुल पर हमला किए जाने की भी खबर है। यह पुल हाल ही में निर्मित हुआ था और इसे क्षेत्र के सबसे ऊंचे पुलों में गिना जाता है। इसकी लंबाई लगभग 1050 मीटर और ऊंचाई 136 मीटर बताई गई है, जिसे बनाने में भारी लागत लगी थी।
ईरान ने अमेरिकी अल्टीमेटम को खारिज करते हुए कड़ा जवाब दिया है। ईरानी सेना का कहना है कि अमेरिका दबाव और घबराहट में इस तरह की धमकियां दे रहा है। उसने साफ किया कि वह किसी भी दबाव में आकर अपने फैसले नहीं बदलेगा।
ट्रम्प ने पहले भी ईरान को 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने या समझौते की राह अपनाने का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने कहा था कि समय तेजी से खत्म हो रहा है और यदि ऐसा नहीं हुआ तो ईरान के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाकर कार्रवाई की जाएगी।
विशेषज्ञों के अनुसार होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का एक प्रमुख मार्ग है, जहां किसी भी प्रकार का तनाव अंतरराष्ट्रीय बाजारों और ऊर्जा सुरक्षा पर व्यापक प्रभाव डाल सकता है। ऐसे में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता यह टकराव वैश्विक स्तर पर चिंता का विषय बन गया है।

स्पेशल स्टोरीज