Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशएसजीपीजीआई में रोबोकॉप्स 2026 में बाल शल्य चिकित्सा का तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय...

एसजीपीजीआई में रोबोकॉप्स 2026 में बाल शल्य चिकित्सा का तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान एसजीपीजीआई में 3 से 5 अप्रैल तक आयोजित पीडियाट्रिक सर्जन्स के रोबोटिक सर्जरी सम्मेलन रोबोकॉप्स 2026 का भव्य अंतरराष्ट्रीय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में देश-विदेश के अग्रणी विशेषज्ञों ने भाग लेकर बाल रोगियों के लिए न्यूनतम चीरा आधारित शल्य तकनीकों के नवीनतम आयामों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

सम्मेलन की शुरुआत सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम के साथ हुई, जिसमें वैश्विक विशेषज्ञों ने पीडियाट्रिक रोबोटिक्स, उन्नत शल्य तकनीकों तथा रोगी सुरक्षा के विषयों पर गहन जानकारी प्रदान की। उद्घाटन सत्र में एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो आर के धीमन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने आधुनिक प्रौद्योगिकी को संवेदनशील चिकित्सा सेवा के साथ जोड़ने पर विशेष बल दिया।

दूसरे दिन आयोजित लाइव शल्य क्रिया प्रदर्शन सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण रहा। एसजीपीजीआई के अत्याधुनिक दा विंची एक्सआई रोबोटिक प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हुए वरिष्ठ शल्य चिकित्सक डॉ बसंत कुमार, डॉ अंकुर तथा डॉ विजय ने जटिल बाल चिकित्सा मामलों का सफल संचालन किया। इस दौरान बेडसाइड सहायक के रूप में डॉ निशांत और डॉ तरुण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन शल्य क्रियाओं का सीधा प्रसारण उपस्थित प्रतिनिधियों के लिए किया गया, जिससे उन्हें वास्तविक समय में तकनीकी प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।

सम्मेलन की विशेषता हैंड्स-ऑन सिमुलेशन प्रशिक्षण रही, जिसमें प्रतिभागियों को विभिन्न रोबोटिक प्रणालियों पर कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इससे शल्य चिकित्सकों को तकनीकी दक्षता और विभिन्न प्रणालियों की कार्यप्रणाली की बारीकियों को समझने में सहायता मिली।इसके अतिरिक्त सम्मेलन में प्रतिभागियों के स्वास्थ्य और आपसी समन्वय को ध्यान में रखते हुए प्रकृति सैर तथा खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे चिकित्सा समुदाय के बीच सहयोग और टीम भावना को बढ़ावा मिला।आयोजन अध्यक्ष डॉ बसंत कुमार ने कहा कि एसजीपीजीआई में आयोजित रोबोकॉप्स २०२६ बाल शल्य चिकित्सा को अधिक सुरक्षित, सटीक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्टता को नई गति प्रदान करेंगे।

स्पेशल स्टोरीज