लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को ७-कालिदास मार्ग स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित, प्रभावी, समयबद्ध और न्यायसंगत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांगजन और युवा पहुंचे। कई सैकड़ा लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामले उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। श्री मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक फरियादी की समस्या का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दर्शन आमजन से सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे जमीनी हकीकत सामने आती है। सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पीड़ित निराश होकर न लौटे और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।श्री मौर्य ने कहा कि परेशान होने की जरूरत नहीं है, समस्याओं का समाधान होगा और सरकार की सुविधाएं भी मिलेंगी। अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए ऐसा निस्तारण किया जाए कि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। भूमि पर अवैध कब्जे और उत्पीड़न के मामलों में उन्होंने गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। महिलाओं, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

