सीतापुर। हैप्पी सेवा संस्था की ओर से रहस बिहारी दीक्षित उर्फ नन्हक्के महाराज के आवास, भेलवा गेधरिया, संदना, सीतापुर में नेत्र प्रशिक्षण एवं जांच आयोजन सम्पन्न हुआ। संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आंखों की नियमित देखभाल, नेत्र सुरक्षा और समय-समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे करीब 100 मरीजों की नेत्र संबंधी जांच की गई और चिकित्सकीय टीम द्वारा आवश्यक जानकारी एवं परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन हैप्पी सेवा संस्था के संरक्षक विष्णु कांत मिश्रा, सलाहकार आराध्य शुक्ला तथा संयुक्त सचिव मनीष रस्तोगी के विशेष मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने लोगों को आंखों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वस्थ आंखों का होना बेहद जरूरी है। आंखों से जुड़ी छोटी-सी समस्या को भी नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच करानी चाहिए।
संस्था की अध्यक्ष नफीस अख्तर ने कहा कि आंखें शरीर का वह महत्वपूर्ण अंग हैं, जिनके बिना जीवन अधूरा हो जाता है। जब हम किसी वस्तु को देखते हैं तो उसके बारे में सोचने और समझने की प्रक्रिया भी शुरू होती है। इसलिए जिस प्रकार हम शरीर के अन्य अंगों की देखभाल करते हैं, उससे कहीं अधिक आवश्यक है कि अपनी आंखों की भी नियमित देखभाल की जाए। उन्होंने कहा कि आंखों में होने वाली किसी भी परेशानी को सामान्य समझकर टालना उचित नहीं है और समय-समय पर नेत्र जांच कराना जरूरी है।
संस्था के उपाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि हम अपने आसपास के लोगों, समाज और पूरी दुनिया को अपनी आंखों के माध्यम से देखते और समझते हैं। आंखें हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए उनकी देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आंखों में परेशानी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से उचित सलाह लें और नियमित जांच कराएं।
संस्था के मीडिया प्रभारी आशीष शुक्ला ने कहा कि आंखें इंसान के लिए बेशकीमती हैं। यदि आंखें स्वस्थ नहीं रहेंगी तो जीवन की अनेक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी आंखों की स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए तथा नेत्र संबंधी समस्या होने पर तत्काल विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के वरिष्ठ सदस्य एमआर मंसूरी ने आयोजन में पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। नेत्र अस्पताल से आए डॉ. विजय सिंह के साथ स्टाफ के शैलेंद्र शुक्ला, स्वाती, सुधांशु, शिवांगी, रोली और अमर सिंह ने विशेष सहयोग किया। चिकित्सकीय टीम ने करीब 100 मरीजों की कुशलतापूर्वक जांच एवं प्रशिक्षण किया। प्रतिष्ठित रहस बिहारी दीक्षित उर्फ ननके महाराज की देखरेख में आयोजित नेत्र प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

