लखनऊ, 30 अगस्त 2026। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस), लखनऊ के जनरल सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. विकास सिंह ने कोलकाता में आयोजित एसोसिएशन ऑफ मिनिमल एक्सेस सर्जन्स ऑफ इंडिया (अमासी) के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है।
डॉ. विकास सिंह को उनके वीडियो “कॉनकॉमिटेंट लैप्रोस्कोपिक रिपेयर ऑफ पेरिनियल हर्निया विद इनगुइनल हर्निया” के लिए बेस्ट इंस्टीट्यूशनल वीडियो अवॉर्ड के तहत गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। इसके अलावा उन्होंने फ्री पेपर सेशन में “लैप्रोस्कोपिक रिपेयर ऑफ बिलियरी डक्ट इंजरी” विषय पर प्रस्तुत अपने शोध-पत्र के लिए बेस्ट पेपर अवॉर्ड भी प्राप्त किया।
अमासी भारत में मिनिमल एक्सेस एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के क्षेत्र की प्रमुख राष्ट्रीय संस्था है। इसके अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश और विदेश के विशेषज्ञ सर्जन हिस्सा लेते हैं तथा नवीनतम सर्जिकल तकनीकों और शोध कार्यों पर विचार-विमर्श किया जाता है।
डॉ. विकास सिंह एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (एएसआई) की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य होने के साथ ही उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि भी हैं। वे लंबे समय से उन्नत लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, शोध एवं अकादमिक गतिविधियों के माध्यम से आरएमएलआईएमएस और जनरल सर्जरी विभाग को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह ने डॉ. विकास सिंह को दोनों प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करने पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान और जनरल सर्जरी विभाग के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने डॉ. विकास सिंह के भविष्य के अकादमिक एवं सर्जिकल कार्यों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

