Diwali Lantern
Thursday, November 13, 2025
Homeउत्तर प्रदेशबिहार में बदलाव तय, तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनेगी इंडिया गठबंधन...

बिहार में बदलाव तय, तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनेगी इंडिया गठबंधन की सरकार-अखिलेश यादव

गाजीपुर, 30 अक्टूबर 2025। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव आज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री शिवपाल सिंह यादव के साथ गाजीपुर के सैदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विधायक श्री अंकित भारती के विवाह समारोह में भाग लिया। दोनों नेताओं ने नवविवाहित दंपति को शुभकामनाएं दीं और परिजनों व समर्थकों से मुलाकात की। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है, खुशहाली और तरक्की की राह पर आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि बिहार में श्री तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और हम सब मिलकर बिहार को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे, युवाओं को रोजगार और नौकरियां देंगे। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने श्री नीतीश कुमार के साथ षड्यंत्र किया है, भाजपा किसी की सगी नहीं है, उसने बिहार की जनता को धोखा दिया है, जनता अब इंडिया गठबंधन के साथ है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी और भाजपा सरकार की साख देश और विदेश दोनों में खत्म हो चुकी है। अमेरिका के राष्ट्रपति तक प्रधानमंत्री का मजाक उड़ा रहे हैं। अमेरिका अपनी अर्थव्यवस्था को टैरिफ बढ़ाकर मजबूत कर रहा है, जबकि केंद्र सरकार चीन के साथ व्यापार बढ़ाकर भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर कर रही है। चीन ने हमारे बाजार पर कब्जा कर लिया है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। किसानों को खाद, डीएपी नहीं मिल रही, धान की सरकारी खरीद नहीं हो रही और बिचौलिए किसानों की फसल लूट रहे हैं। समाजवादी सरकार में एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां बनाई गई थीं, लेकिन भाजपा सरकार ने उनका काम रोक दिया। अगर मंडियां बन गई होतीं तो किसानों को उनकी फसलों का सही मूल्य मिलता।
उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही किसानों की मदद की जाएगी, मंडियां बनाई जाएंगी, नौजवानों को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा तथा फौज में पक्की भर्ती की व्यवस्था होगी। भाजपा और मुख्यमंत्री जनता को भाषणों में उलझाए हुए हैं, जबकि निवेश उत्तर प्रदेश में नहीं आ रहा। निवेश आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु जैसे राज्यों में जा रहा है। भाजपा समाज को धर्म और जाति के नाम पर लड़ाने का काम करती है और अब तो भाजपा के इंजन खुद ही आपस में टकरा रहे हैं।
मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एसआईआर में घोटाला करना चाहती है। उत्तर प्रदेश में पीडीए मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है, लेकिन उनके बीएलओ नहीं हैं। भाजपा ने जाति और धर्म के आधार पर बीएलओ बनाए हैं, जिससे चुनाव में भेदभाव हो रहा है। भाजपा पीडीए से घबराकर तमाम तरह के षड्यंत्र कर रही है, लेकिन जनता भाजपा को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन ने लोकसभा के भीतर और बिहार सहित अन्य राज्यों में एसआईआर घपलों के खिलाफ आवाज उठाई है। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद कुछ सुधार आया है, लेकिन निष्पक्षता अब भी दूर है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वोटर लिस्ट सही रखी जाए और सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल रहें, लेकिन आयोग निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता। उपचुनावों से लेकर विधानसभा चुनावों तक आयोग का रवैया पक्षपातपूर्ण रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कपड़े पहनने से कोई योगी नहीं बन जाता, योगी वह होता है जो अपने आचरण और व्यवहार से संयम और विनम्रता दिखाए।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से खेती की लागत बढ़ गई है, लेकिन महंगाई के अनुरूप गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया गया। नया पेराई सत्र शुरू हो गया है, जबकि मिलों पर पिछली पेराई का बकाया अभी बाकी है। भाजपा सरकार खेती से जुड़ी चीजों के दाम बढ़ाकर किसानों की जेब काट रही है। वर्षों से गन्ने का दाम नहीं बढ़ाया गया और जो बढ़ाया गया है वह लागत के हिसाब से बहुत कम है।
इससे पहले श्री अखिलेश यादव और श्री शिवपाल सिंह यादव के गाजीपुर पहुंचने पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं व गुलदस्तों से भव्य स्वागत किया। सैदपुर में समाजवादी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था

स्पेशल स्टोरीज