Tuesday, September 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकेंद्र सरकार के बजट से आम लोगों को मिलेगा सस्ता इलाज-डॉ. आशुतोष...

केंद्र सरकार के बजट से आम लोगों को मिलेगा सस्ता इलाज-डॉ. आशुतोष कुमार दुबे

लखनऊ। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल के वरिष्ठ चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने कहा है कि केंद्र सरकार का बजट गरीब और मध्यम वर्ग को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि बजट का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के इलाज को किफायती बनाना, अस्पतालों के पास डॉक्टरों और स्टाफ की उपलब्धता बढ़ाना तथा स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना है।

डॉ. दुबे के अनुसार आयुष्मान भारत योजना के लिए वित्तीय प्रावधान में वृद्धि की गई है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को बेहतर इलाज का लाभ मिल सकेगा। इसके साथ ही नए एम्स और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना तथा पुराने मेडिकल कॉलेजों के उन्नयन से देश में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि बजट में एक लाख से अधिक नर्सों, लैब तकनीशियनों और केयरगिवर्स को प्रशिक्षित करने की योजना से अस्पतालों में मानव संसाधन की कमी दूर होगी। इसके अलावा कैंसर, डायबिटीज और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता बनाने और भारत में ही उनके उत्पादन पर जोर दिया गया है।
डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने कहा कि ये सभी कदम मरीजों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगे और देश में समग्र स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे।

स्पेशल स्टोरीज