सीतापुर। छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस के अवसर पर हैप्पी सेवा संस्था द्वारा जिला अस्पताल सीतापुर में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के अध्यक्ष नफीस अख्तर के नेतृत्व में चलाए गए इस सेवा अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों को ताजे और पौष्टिक फलों के पैकेट वितरित किए गए तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। संस्था के अध्यक्ष नफीस अख्तर ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों की सेवा करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगे भी लगातार जारी रहेगा।

संस्था के प्रमुख सदस्य एम.आर. मंसूरी ने कहा कि हैप्पी सेवा संस्था दिखावे के बजाय वास्तविक सेवा कार्यों में विश्वास रखती है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही संस्था की प्राथमिकता है। वहीं संस्था के सचिव मोनू कुमार ने कहा कि संगठन हमेशा मरीजों, गरीबों और बेसहारा लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहेगा।
उपाध्यक्ष इंदिरा नेगी ने संस्था की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि किसी बीमार और लाचार व्यक्ति की मदद करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।

मीडिया प्रभारी आशीष शुक्ला ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत सीतापुर से की गई है, लेकिन भविष्य में इसे अन्य जनपदों के सरकारी एवं गैर-सरकारी अस्पतालों तक विस्तारित किया जाएगा।

फल वितरण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अनेक समाजसेवी, चिकित्सा कर्मी और संस्था के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।

