Wednesday, August 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का भौकाल, 4 सितंबर को सिनेमाघरों में...

लखनऊ में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का भौकाल, 4 सितंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

लखनऊ। फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन के लिए बुधवार को फिल्म की स्टारकास्ट लखनऊ पहुंची। फिल्म में गुड्डू पंडित का किरदार निभा रहे अली फजल, मुन्ना भैया की भूमिका में दिव्येंदु और नए बबलू पंडित के रूप में जितेंद्र कुमार ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने वेब सीरीज से फिल्म तक ‘मिर्जापुर’ के सफर और बड़े पर्दे पर कहानी में होने वाले बदलावों के बारे में जानकारी साझा की।

अली फजल ने कहा कि ‘मिर्जापुर’ की दुनिया अब वेब सीरीज से निकलकर बड़े पर्दे पर पहुंच रही है। इस बार भौकाल और भी बड़ा, दुनिया और भी ग्रैंड और दांव पहले से कहीं ज्यादा ऊंचे होने वाले हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अली फजल ने कहा कि वे सभी फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। वेब सीरीज को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिलने के कारण फिल्म को लेकर काफी दबाव भी था। उन्होंने कहा कि लखनऊ से फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत करना उनके लिए खास है, क्योंकि यह उनका घर है। यहां की हर चीज उन्हें बेहद प्यारी लगती है। दोस्तों के साथ लखनऊ आने पर वे शहर की गलियों में घूमने और अलग-अलग तरह के व्यंजनों का स्वाद लेने का आनंद लेते हैं।

दिव्येंदु ने कहा कि फिल्म में वेब सीरीज की तरह ही भरपूर तड़का देखने को मिलेगा। फिल्म में काफी कुछ नया ट्राई किया गया है और दर्शक कहीं भी बोर नहीं होंगे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि हम हिंदी फिल्म के हीरो हैं और हम लोग अमर होते हैं। फिल्म में मजबूत डायलॉग और दमदार किरदार देखने को मिलेंगे। उन्होंने दर्शकों को भरोसा दिलाया कि जिस तरह ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज में लोगों को मजा आया था, उसी तरह फिल्म भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में सीरीज के कई लोकप्रिय और आइकॉनिक किरदार एक बार फिर साथ नजर आएंगे। इनमें कालीन भैया के रूप में पंकज त्रिपाठी, मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु और गुड्डू पंडित के रूप में अली फजल शामिल हैं। वहीं, बबलू पंडित का किरदार इस बार नए अंदाज में नजर आएगा। वेब सीरीज में यह भूमिका निभाने वाले विक्रांत मैसी की जगह फिल्म में अभिनेता जितेंद्र कुमार को लिया गया है। इसके अलावा अभिनेता रवि किशन भी फिल्म में अहम भूमिका में नजर आएंगे।

फिल्म की स्टारकास्ट में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सत्येंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह शामिल हैं। फिल्म को पुनीत कृष्णा ने लिखा है, जबकि रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसका निर्माण किया गया है।

अज़मत अली
सुमन सुप्रभात
9415794416,7007311520

स्पेशल स्टोरीज