Tuesday, August 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमनकामेश्वर मंदिर के विद्युत डिस्प्ले हटाने पर शिव भक्तों में रोष, नगर...

मनकामेश्वर मंदिर के विद्युत डिस्प्ले हटाने पर शिव भक्तों में रोष, नगर निगम के खिलाफ 11 अगस्त को शांति मार्च

लखनऊ, 10 अगस्त। डालीगंज स्थित ऐतिहासिक मनकामेश्वर मंदिर के मुख्य गणेश द्वार पर लगाए गए विद्युत डिस्प्ले को हटाए जाने के विरोध में शिव भक्तों ने नाराजगी जताई है। इस संबंध में मंदिर के समस्त भक्तों की ओर से प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी गई और कहा गया कि मंदिरों की सजावट एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्यों को किसी भी व्यक्तिगत कारण से बाधित नहीं किया जाना चाहिए।

शिव भक्तों ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सावन मास में सभी शिव मंदिरों को सजाने तथा शिव भक्तों की सुविधाओं के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मंदिर के मुख्य गणेश द्वार को भी विद्युत डिस्प्ले से सजाने का कार्य नगर निगम प्रशासन की ओर से कराया गया था। आरोप है कि मनकामेश्वर वार्ड के पार्षद रंजीत सिंह यादव का नाम दर्शाने वाला डिस्प्ले बोर्ड के पीछे आ गया, जिसके बाद नगर निगम के विद्युत विभाग द्वारा तत्काल डिस्प्ले हटवा दिया गया।

प्रेसवार्ता में शिव भक्तों ने कहा कि यह डिस्प्ले अस्थायी थी और मंदिर की शोभा बढ़ाने के उद्देश्य से लगाई गई थी। उनके अनुसार, पिछले कई वर्षों से मनकामेश्वर मंदिर एवं इसकी महत्ता को लेकर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम और प्रचार-प्रसार किए जाते रहे हैं। इस बार प्रदेश सरकार के निर्देश पर मंदिर की सजावट के दौरान लगाए गए डिस्प्ले को हटाए जाने से भक्तों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि मंदिर की ऐतिहासिक छवि और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के कार्यों से बचना चाहिए।

शिव भक्तों ने यह भी कहा कि मंदिर से जुड़े किसी भी विषय पर आपत्ति होने पर बातचीत के माध्यम से समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर की सजावट के लिए लगाए गए डिस्प्ले को केवल नाम ढकने के कारण हटाया जाना उचित नहीं है। भक्तों ने इसे सनातन धर्म और श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए पुलिस-प्रशासन से भी मामले का संज्ञान लेने की अपील की।

इस मामले को लेकर 11 अगस्त को दोपहर 12 बजे झूलेलाल वाटिका से नगर निगम मुख्यालय तक पैदल शांति मार्च निकाला जाएगा। आयोजकों के अनुसार शांति मार्च के माध्यम से प्रदेश शासन और नगर निगम प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी तथा मंदिर की सजावट से जुड़े कार्यों में श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करने की मांग की जाएगी।
प्रेसवार्ता में कार्यक्रम आयोजक श्री राजाराम गुप्ता, संचालन शेखर कुमार, संयोजक प्रेम तिवारी एवं अजय तिवारी तथा मीडिया प्रभारी जगदीश चन्द्र गुप्ता सहित श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर के समस्त भक्त मौजूद रहे।

अज़मत अली
सुमन सुप्रभात
9415794416,7007311520

स्पेशल स्टोरीज