Wednesday, October 28, 2026
Homeदुनियाचक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने आंध्र प्रदेश में मचाई तबाही

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने आंध्र प्रदेश में मचाई तबाही

150 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

आंध्र प्रदेश, 28 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। तूफान के लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी रहने के दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई, जबकि झोंकों के साथ इसकी गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान का उत्तरी सर्पिल हिस्सा जमीन के भीतर तक प्रवेश कर चुका है। इसका केंद्र नरसापुर से करीब 30 किलोमीटर पूर्व, यानम से 45 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम, काकीनाडा से 70 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम और मछलीपट्टनम से 90 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में स्थित था।

तूफान के प्रभाव से अनकापल्ली, विशाखापत्तनम, काकीनाडा और कोनसीमा जिलों में भारी बारिश हो रही है। काकीनाडा में कई पेड़ उखड़ गए हैं और बिजली की लाइनें टूट गई हैं। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है। बॉम्बे कट्टा इलाके में भारी बारिश और समुद्र का पानी भरने से चार लोग बाढ़ में फंस गए थे। सूचना मिलने पर जिला पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर चारों को सुरक्षित बाहर निकाला और वाहन से उनके घर पहुंचाया।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। दोनों राज्यों में करीब चार हजार चक्रवात आश्रय केंद्र बनाए गए हैं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। ओडिशा में मंगलवार से हो रही भारी बारिश के कारण 16 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। राज्य में 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
तूफान के कारण रेलवे ने 50 ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम हवाई अड्डों से 21 उड़ानें रद्द की गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश हो सकती है। झारखंड, विदर्भ और तेलंगाना में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

स्पेशल स्टोरीज