Tuesday, August 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनशा युवा पीढ़ी और विकसित भारत 2047 की राह में बड़ी बाधा:...

नशा युवा पीढ़ी और विकसित भारत 2047 की राह में बड़ी बाधा: डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी

नशा मुक्ति अभियान को केवल नारे तक सीमित न रखा जाए: मंजू वर्मा

लखनऊ, 10 अगस्त: मौलाना आज़ाद मेमोरियल अकादमी, लखनऊ और स्टेट तकमील-उत-तिब कॉलेज एंड हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अपील पर चलाए जा रहे “नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान के क्रम में मौलाना आज़ाद लाइब्रेरी हॉल में छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग एवं ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकारी के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू वर्मा ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को शराब की लाइसेंस नीति पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए, क्योंकि नशे की लत से महिलाएं और बच्चे भी प्रभावित होते हैं।
डॉ. मनीराम ने कहा कि नशा एक गंभीर चिकित्सकीय समस्या है, जो व्यक्ति को अनेक खतरनाक बीमारियों तथा शारीरिक और मानसिक समस्याओं का शिकार बना सकता है। नशे से प्रभावित लोगों को उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है।
डॉ. अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को सराहनीय बताते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश के विकास से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि सरकारी राष्ट्रीय सर्वेक्षण के अनुसार देश में लगभग 16 करोड़ लोग शराब, 3.1 करोड़ लोग भांग-चरस और 2.26 करोड़ लोग अफीम तथा उससे संबंधित नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं।
उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और क्षमता को प्रभावित करता है तथा विकसित भारत 2047 के निर्माण में बड़ी बाधा बन सकता है। केंद्र और राज्य सरकारें, शिक्षण संस्थान तथा सामाजिक संगठन यदि निरंतर और गंभीर प्रयास करें तो नशा मुक्ति अभियान के प्रभावी और स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में छात्र नूर हसन और मुजाहिद हसन सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने पेंटिंग के माध्यम से “नशे से दूरी, जीवन से जुड़ाव” और “स्वस्थ युवा, मजबूत भारत” का संदेश दिया।

स्पेशल स्टोरीज