गोरखपुर, 20 अक्टूबर 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के शुभ अवसर पर सोमवार को गोरखपुर जनपद के वनटांगिया ग्राम जंगल तिकोनिया नंबर-3 में विकास की सौगात दी। उन्होंने लगभग 49 करोड़ रुपये की लागत से 133 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 33 करोड़ रुपये की 128 परियोजनाओं का लोकार्पण और 16 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की चाबियां, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के चेक, कृषि विभाग के स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, पशुपालन विभाग के स्वीकृति पत्र, जिला औद्योगिक विकास मिशन के प्रमाणपत्र और निःशुल्क बीज पात्र वितरित किए। उन्होंने स्टालों का अवलोकन कर गांव का भ्रमण किया और ग्राम प्रधान रामगनेश के घर पहुंचकर दीप प्रज्वलित कर वनटांगिया गांव में दीपोत्सव का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि यह उत्सव उत्साह, उमंग और कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “अयोध्या का दीपोत्सव आज विश्व की पहचान बन गया है। यह वही अयोध्या है, जिसे विदेशी आक्रांताओं ने अपमानित किया था, लेकिन आज वही अयोध्या भव्य और दिव्य स्वरूप में विश्व को आकर्षित कर रही है।”
उन्होंने बताया कि अयोध्या में निषादराज के नाम पर रैन बसेरा, महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट, माता शबरी के नाम पर भोजनालय, और लता मंगेशकर के नाम पर चौराहा स्थापित किया गया है। इसके साथ ही महर्षि वाल्मीकि, महर्षि विश्वामित्र और तुलसीदास जी के मंदिरों के निर्माण के साथ शंकराचार्य और रामानुजाचार्य के नाम पर द्वार भी बनाए गए हैं। अयोध्या अब दुनिया की पहली सोलर सिटी बन चुकी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीपावली का उद्देश्य समाज के हर कोने तक उजाला और खुशी पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “जहां तक रोशनी न पहुंचे, वहां हम सबको एक दीप जलाना चाहिए। अगर हम गरीबों के घर दीप और मिष्ठान लेकर जाएंगे, तो यही सच्ची दीपावली होगी।”
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 15 वर्ष पूर्व वनटांगिया गांव में अभाव ही अभाव था, लेकिन आज यह गांव विकास की मिसाल बन चुका है। यहां सड़क, बिजली, पानी, विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र और पक्के मकान उपलब्ध हैं। हर परिवार के पास राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और पेंशन सुविधा है।
उन्होंने कहा कि अब वनग्राम के किसान एफपीओ में पंजीकृत होकर सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं और गोरखपुर शहर तक सप्लाई कर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह संकल्प लिया है कि वनवासी, गिरवासी और जनजातीय समुदायों को हर सुविधा से जोड़ा जाएगा।
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज सुरक्षा और कानून व्यवस्था का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि इस दीपावली पर हर व्यक्ति कम से कम एक गरीब परिवार तक मिठाई पहुंचाए और उनके साथ खुशी साझा करे।
कार्यक्रम में मत्स्य मंत्री संजय निषाद, विधायक महेंद्रपाल सिंह और विपिन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निषादराज के सम्मान को पुनर्जीवित किया है और भगवान श्रीराम की तरह बिना भेदभाव के शासन व्यवस्था स्थापित की है।


