Saturday, June 6, 2026
Homeदेशनीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरण को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का...

नीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरण को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन

नई दिल्ली। नीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन लगभग पांच घंटे तक चला और इसमें शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग उठाई गई।

अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री को पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो देशभर में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने अगले शनिवार, 13 जून को जंतर-मंतर पर पुनः प्रदर्शन करने की घोषणा भी की।

प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी मौजूद रहे। उनके साथ पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, छात्रों के हितों की सुरक्षा और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे थे और सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। वे अपने साथ संविधान तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर की आत्मकथा की प्रति भी लेकर आए थे। हालांकि शाम पांच बजे तक प्रदर्शन की अनुमति होने के बावजूद दोपहर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण कार्यक्रम निर्धारित समय से पहले समाप्त कर दिया गया।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और विभिन्न सीमा प्रवेश बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई थी ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रदर्शन के समापन पर अभिजीत दीपके ने कहा कि पार्टी अपनी मांगों पर कायम है और शिक्षा मंत्री को इस्तीफे के लिए पांच दिन का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि इस अवधि में कोई कार्रवाई नहीं होती है तो 13 जून को फिर से बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

स्पेशल स्टोरीज