Sunday, August 23, 2026
Homeदेशअसम में वायुसेना का मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त, पांच जवानों की मृत्यु

असम में वायुसेना का मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त, पांच जवानों की मृत्यु

असम के जोरहाट स्थित रौरिया वायुसेना अड्डे पर शनिवार सुबह उतरते समय भारतीय वायुसेना का एक मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में पायलट सहित पांच जवानों की मृत्यु हो गई, जबकि सह-पायलट घायल हो गया। मृतकों में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत तथा अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार एएन-३२ विमान नियमित उड़ान पर था और वायुसेना अड्डे पर उतरने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया। एएन-३२ का उपयोग सैनिकों तथा सैन्य सामग्री के परिवहन के लिए किया जाता है।

भारतीय वायुसेना ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं तथा प्रारंभिक जांच पूरी होने तक किसी प्रकार के अनुमान से बचने की अपील की गई है। वायुसेना वर्तमान में अपने पुराने एएन-३२ और आईएल-७६ विमानों के स्थान पर नए मध्यम परिवहन विमानों की खरीद की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है।

स्पेशल स्टोरीज