लखनऊ, 26 मई 2026। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की तेरहवीं सोमवार को लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान पत्नी अपर्णा यादव ने स्वयं लोगों को पूड़ियां बांटीं।

कार्यक्रम के दौरान जब उपस्थित लोगों ने ‘प्रतीक भैया अमर रहें’ के नारे लगाए, तो अपर्णा यादव भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया और बाद में घर के भीतर चली गईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी तेरहवीं कार्यक्रम में पहुंचे और प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपर्णा यादव को सांत्वना भी दी। इस अवसर पर अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, डिंपल यादव सहित पूरा परिवार मौजूद रहा। राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी श्रद्धांजलि स्वरूप पूड़ियां बांटीं। लोकगायिका मालिनी अवस्थी तथा अभिनेता राजपाल यादव भी कार्यक्रम में पहुंचे।
राजपाल यादव ने प्रतीक यादव के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि यह एक ऐसी अनहोनी है, जिसने सभी को गहरा आघात पहुंचाया है।
तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान रामधुन बजाई गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतीक यादव की स्मृति में शोक संदेश वाले होर्डिंग भी लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि 13 मई की सुबह 38 वर्षीय प्रतीक यादव का हृदयाघात से निधन हो गया था। 14 मई को लखनऊ के बैकुंठ धाम श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। 16 मई को हरिद्वार के विशेष घाट पर उनकी अस्थियों का विसर्जन किया गया था।

