लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) का 22वां दीक्षांत समारोह 13 जुलाई 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत भाषण देंगे। उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री बृजेश पाठक, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि भी समारोह में शामिल होंगे। यह जानकारी सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने दी।
कुलपति ने बताया कि इस वर्ष कुल 1701 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 975 पुरुष और 726 महिला छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इनमें केजीएमयू परिसर के 515 तथा संबद्ध 11 मेडिकल और 7 नर्सिंग कॉलेजों के 1186 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। इस अवसर पर 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न स्वर्ण पदक और पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

दीक्षांत समारोह में नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य नीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.एससी. (Honoris Causa) की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
इस बार एमबीबीएस की छात्रा दीप्ति शर्मा समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण रहेंगी। उन्हें विश्वविद्यालय के दो सर्वोच्च सम्मान ह्यूएट गोल्ड मेडल और चांसलर गोल्ड मेडल सहित कुल 16 पदक एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा एमबीबीएस, बीडीएस, डीएम, एमसीएच, नर्सिंग और अन्य पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को भी स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में कुलपति ने बताया कि समारोह के दौरान कई नई स्वास्थ्य सेवाओं और जनहितकारी पहलों का भी शुभारंभ होगा। ट्रॉमा सेंटर में मोबाइल सीटी स्कैन सेवा शुरू की जाएगी, जिससे गंभीर सिर की चोट वाले मरीजों की बेडसाइड जांच संभव होगी। इसके साथ ही प्रत्येक छात्र को जीवन रक्षक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से ‘हृदय संजीवनी’ बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी, जिसे आगे चलकर प्रदेश के सभी 75 जिलों तक विस्तारित करने की योजना है। विश्वविद्यालय के नए केंद्रीय सूचना केंद्र का उद्घाटन, पुस्तक विमोचन तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
प्रो. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि केजीएमयू ने हाल के वर्षों में चिकित्सा शिक्षा, शोध और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विश्वविद्यालय को वर्ष 2025 में NAAC A++ ग्रेड प्राप्त हुआ है, जबकि एनआईआरएफ मेडिकल संस्थानों की रैंकिंग में देश में आठवां स्थान मिला है। ट्रॉमा एवं आपातकालीन सेवाओं का विस्तार, रोबोटिक सर्जरी, अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम, नई सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं तथा अस्पताल राहत कोष के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। भविष्य में संस्थान राष्ट्रीय महत्व का दर्जा प्राप्त करने, 500 बेड के नए लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर, महिला स्वास्थ्य केंद्र, हार्ट एवं लंग ट्रांसप्लांट सेंटर, एआई एवं हेल्थकेयर सेंटर तथा आधुनिक डेंटल ब्लॉक की स्थापना की दिशा में भी कार्य कर रहा है।प्रेस वार्ता में kgmu के प्रवक्ता डॉ के के सिंह व अन्य डॉक्टर उपस्थित थे।
अज़मत अली
सुमन सुप्रभात
9415794416,7007311520

