Sunday, June 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आईएमए लखनऊ ने किया सामूहिक योगाभ्यास

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आईएमए लखनऊ ने किया सामूहिक योगाभ्यास

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लखनऊ शाखा द्वारा आईएमए भवन में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वस्थ चिकित्सक, स्वस्थ समाज” के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं आईएमए सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में प्रयाग आरोग्यम् केंद्र की योग गुरु ज्योति यादव ने प्रतिभागियों को लगभग एक घंटे तक योगाभ्यास कराया। इस दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े अभ्यास कराए गए। उन्होंने नियमित योग को तनाव नियंत्रण, बेहतर स्वास्थ्य और कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम में आईएमए लखनऊ की सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष डॉ. रुक्साना, डॉ. नीरज टंडन, डॉ. सरस्वती, डॉ. शाश्वत सक्सेना, डॉ. निरुपमा सहित अनेक चिकित्सक एवं सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में चिकित्सकों के लिए भी योग अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ चिकित्सक ही समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सकारात्मक प्रेरणा दे सकता है।


उन्होंने कहा कि नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक शांति मिलती है तथा कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। आईएमए लखनऊ का उद्देश्य चिकित्सकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और समाज में योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आईएमए लखनऊ ने इस अवसर पर संदेश दिया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

स्पेशल स्टोरीज