लखनऊ। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में रविवार को अकादमिक ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रही। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के फिजियोलॉजी विभाग द्वारा प्रो. डॉ. सुनीता तिवारी, डॉ. रजनी बाला जसरोटिया, डॉ. मनीष कुमार वर्मा एवं अन्य संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन में किया गया।


कार्यक्रम में एमबीबीएस छात्रों, संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों तथा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग सत्र का संचालन योगाचार्य ओम नारायण अवस्थी की उपस्थिति में योग प्रशिक्षक मोनिका एवं आनंद द्वारा किया गया। इस दौरान आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, वक्रासन, चक्रासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों तथा नाड़ी शोधन एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया।


कार्यक्रम में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, तनाव में कमी आती है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है तथा समग्र स्वास्थ्य संतुलन को प्रोत्साहन मिलता है। वक्ताओं ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है और इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह, डीन डॉ. प्रद्युम्न सिंह तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट बॉक्स वितरित किए गए तथा स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प दिलाया गया।

