Sunday, June 21, 2026
Homeदेश40 की उम्र में 20 जैसी लचक और 70 में 50 जैसी...

40 की उम्र में 20 जैसी लचक और 70 में 50 जैसी सेहत का लक्ष्य रखें: पीएम मोदी

कोलकाता में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि 40 वर्ष की उम्र में 20 वर्ष जैसी लचक, 50 वर्ष की उम्र में 30 वर्ष जैसी ऊर्जा और 70 वर्ष की उम्र में 50 वर्ष जैसी सेहत बनी रहे। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की संपूर्ण विधा है।

कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने ताड़ासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन और त्रिकोणासन सहित विभिन्न योगासन किए। योग सत्र के दौरान वह प्रतिभागियों के बीच भी पहुंचे और उनकी योग मुद्राओं को बेहतर बनाने में मार्गदर्शन करते नजर आए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि योग आज पूरी दुनिया को जोड़ने वाला एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है। विश्व के विभिन्न देशों से योग दिवस की प्रेरणादायक तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो यह दर्शाती हैं कि योग लोगों, समाजों और संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 21 जून, जिसे पृथ्वी का सबसे लंबा दिन माना जाता है, अब विश्वभर में योग दिवस के रूप में नई पहचान बना चुका है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विषय केवल बुजुर्गों के लिए नहीं, बल्कि हर आयु वर्ग के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। योग व्यक्ति को उम्र बढ़ने के साथ भी शारीरिक रूप से सक्षम, मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से संतुलित बनाए रखने में मदद करता है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग असंतुलन और तनाव से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में योग संतुलित जीवन जीने की कला सिखाता है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी आधार है। प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

स्पेशल स्टोरीज