लखनऊ। भारतीय रेलवे परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) थीम पर आधारित योगाभ्यास शिविर का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को योग के महत्व, आवश्यकता एवं लाभों से परिचित कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
संस्थान परिसर में आयोजित योग सत्र में अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी ने स्वयं सहभागिता करते हुए संस्थान के संकाय सदस्यों, भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (आईआरएमएस) के परिवीक्षार्थियों, कर्मचारियों तथा संविदा कर्मियों के साथ प्राणायाम, ध्यान, योगासन एवं विभिन्न यौगिक क्रियाएं कीं। कार्यक्रम की शुरुआत योगाचार्य एवं सेवानिवृत्त आईआरटीएस अधिकारी पी.के. राघव द्वारा योग के महत्व और उसके शारीरिक तथा मानसिक लाभों की जानकारी देने के साथ हुई।

इस अवसर पर संजय त्रिपाठी ने कहा कि योग और प्राणायाम व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ जीवन में संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे जैसी सतत कार्यप्रणाली वाली संस्था में कार्यरत कर्मचारियों के लिए योग विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह तनाव कम करने, कार्यक्षमता बढ़ाने और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में सहायक होता है।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से योग एवं प्राणायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और निरोगी काया का संकल्प लिया। संस्थान में आयोजित यह योग शिविर स्वास्थ्य, अनुशासन और समग्र कल्याण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

