Sunday, June 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में योग एवं स्वास्थ्य...

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में योग एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

लखनऊ। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा चारबाग स्थित रेलवे स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही। कार्यक्रम का शुभारंभ कोलकाता में आयोजित मुख्य समारोह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के सजीव प्रसारण तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निरुपमा वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, रेलवे खिलाड़ी एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है।

योग प्रशिक्षक कृष्ण बिहारी बाजपेयी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान भद्रासन, वज्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा पवनमुक्तासन सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम कर व्यक्ति को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने में सहायता करता है।
योग कार्यक्रम के साथ उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय, लखनऊ द्वारा स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों तथा उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य परीक्षण किए गए और चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य योग के साथ-साथ समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए सभी उपस्थित लोगों से इसे नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया गया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन और स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल, समर्थ गुप्ता द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

स्पेशल स्टोरीज